
राजू अनेजा,मुरादाबाद। दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में Nainital Bank के रीजनल मैनेजर दयाल सिंह रावत (59) समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास उस समय हुआ जब ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक हाईवे पर चढ़ गई और पीछे से आ रही कार उसमें जा घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी में आरटीओ कार्यालय के पास रहने वाले यशदीप पांडे (30) नोएडा के एक निजी स्कूल में योगा टीचर हैं। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे वह अपनी टाटा टियागो कार से हल्द्वानी से नोएडा ड्यूटी के लिए निकले थे। उन्होंने कार की डिटेल ब्ला-ब्ला एप पर साझा की थी, जिस पर चार लोगों ने सीट बुक कर ली थी। इनमें हल्द्वानी के अमरावती कॉलोनी निवासी दयाल सिंह रावत, कुसुमखेड़ा निवासी भुवन भंडारी (35), आरटीओ कार्यालय के पास रहने वाले सुंदर सिंह (42) और अनिल नेगी शामिल थे।
सोमवार सुबह करीब 6:15 बजे जब कार मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर मनकरा मोड़ के पास पहुंची, तभी लिंक मार्ग से ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक कट मारते हुए हाईवे पर चढ़ गई। कार चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मूंढापांडे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दयाल सिंह रावत, भुवन भंडारी और सुंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल नेगी और चालक यशदीप पांडे को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान अनिल नेगी की भी मौत हो गई, जबकि चालक का इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
बताया जाता है कि दयाल सिंह रावत मूल रूप से नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र के सरियाताल गांव के निवासी थे। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर Nainital Bank में क्लर्क से लेकर रीजनल मैनेजर तक का लंबा सफर तय किया था। वह पहले लालकुआं शाखा में मैनेजर पद पर तैनात रह चुके थे, जबकि वर्तमान में दिल्ली रीजन में कार्यरत थे और नोएडा में उनकी ड्यूटी चल रही थी।
उनके निधन की खबर से नैनीताल, ज्योलीकोट और पैतृक गांव सरियाताल में शोक की लहर दौड़ गई। दयाल सिंह रावत अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।
उनके भतीजे और ग्राम प्रधान हरगोविंद रावत के अनुसार उनका पार्थिव शरीर देर रात तक पैतृक गांव सरियाताल पहुंचने की उम्मीद है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को चित्रशिला घाट पर किया जाएगा।
इधर Nainital Bank Staff Association के महामंत्री प्रवीण साह सहित बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे बैंकिंग जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें