
काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। कोतवाली क्षेत्र के कुंडेश्वरी अंतर्गत राजपुर-प्रतापपुर रोड पर भल्ला पुल के पास सड़क किनारे खेत में खड़ी एक कार से 26 वर्षीय टेंट व्यवसायी संजीव का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक रविवार रात अपनी दुकान के कर्मचारी का जन्मदिन मनाकर लौट रहा था। सोमवार सुबह एक दूधिया ने कार के भीतर शव देखकर ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी। शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन शव के गले व सिर पर गंभीर घाव और दोनों मोबाइल फोन गायब होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जन्मदिन पार्टी के बाद हुई घटना, कार में मिला खून और गायब थे मोबाइल
प्राप्त जानकारी के अनुसार ढकिया नंबर एक (बाजावाला, कुंडेश्वरी) निवासी संजीव पुत्र स्वर्गीय सोहन सिंह की रामनगर के थारी में टेंट की दुकान है। रविवार को उनकी दुकान पर कार्यरत कर्मचारी शिवम का जन्मदिन था। संजीव अपने कर्मचारी और एक अन्य साथी के साथ रामनगर कोसी पुल की ओर जन्मदिन मनाने गए थे। परिजनों के अनुसार, संजीव ने दोनों साथियों को उनके घर छोड़ दिया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। पुलिस को कार की अगली और पिछली सीट पर खून फैला मिला। वहीं मृतक के दोनों मोबाइल गायब थे तथा कार का एक दरवाजा खुला हुआ था।
पोस्टमार्टम में गर्दन से निकली गोली, हिरासत में लिए गए साथी बदल रहे बयान
पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों के पैनल को संजीव के सिर के पिछले हिस्से में गहरा घाव मिला और उसकी गर्दन से एक गोली बरामद हुई है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजीव की मौत गोली लगने से हुई है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। अंतिम बार संजीव के साथ देखे गए दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जो बार-बार अपने बयान बदल रहे हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक संजीव के माता-पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है। वे अपने पीछे 20 वर्षीय छोटी बहन आरती, पत्नी निशा और 3 वर्षीय मासूम बेटी हर्षिता को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।