
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर रविवार को एक युवक का शव रस्सी के सहारे लटका मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुल के पास ही मृतक की स्कूटी भी खड़ी बरामद हुई है।
बालावाला निवासी के रूप में हुई पहचान, परिजनों में मचा कोहराम
मृतक की पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी (निवासी घमंडपुर, रानीपोखरी, देहरादून; हाल निवासी वेदवानी विहार, बालावाला) के रूप में हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया है। रायपुर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।