
हल्द्वानी (नैनीताल)। मुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलवागांजा स्थित खन्ना होटल के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान इंदिरापुरम कॉलोनी, हरीपुर नायक निवासी दीपक भट्ट (41 वर्ष) पुत्र उर्वादत्त भट्ट के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि कान के पास हल्की खरोंच पाई गई है।
रात को घर से निकला था युवक, शराब का चल रहा था इलाज
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:47 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत पड़ा है। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को मृतक चित्त अवस्था में मिला और उसकी चप्पलें सड़क पर बिखरी हुई थीं। मृतक की भाभी रेनू भट्ट ने बताया कि दीपक शराब पीने का आदी था और उसका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने उसे शराब न पीने की सलाह दी थी। वह गुरुवार रात करीब नौ बजे घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है। मुखानी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें