हिमालय प्रहरी

सीलबंद रस के पैकेट में निकला मरी हुई छिपकली का बच्चा, नाश्ते के वक्त परिवार के उड़े होश, जांच में जुटा खाद्य विभाग

खबर शेयर करें -

रुड़की। बाजार में बिकने वाले खुले ही नहीं, बल्कि नामी और प्रमाणित कंपनियों के सीलबंद खाद्य उत्पाद भी अब उपभोक्ताओं की सेहत के लिए खतरे की घंटी बनते जा रहे हैं। ऐसा ही एक बेहद चौंकाने वाला मामला रुड़की के रामपुर चुंगी क्षेत्र से सामने आया है, जहां सुबह के नाश्ते के लिए खरीदे गए रस (Rusk) के एक पैक्ड पैकेट के भीतर मृत छिपकली का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। रामपुर चुंगी के पास ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी उपभोक्ता अजहर खान ने बताया कि उन्होंने कॉलोनी की ही एक किराना दुकान से परिवार के लिए रस का पैकेट खरीदा था। सुबह जब चाय के साथ खाने के लिए पैकेट खोला गया, तो उसमें पहले फंगस जैसा कुछ दिखाई दिया। शक होने पर जब पैकेट को सावधानी से देखा गया, तो उसके भीतर एक मरी हुई छिपकली का बच्चा फंसा हुआ था। यह देखते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित ने खुदा का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यदि अनजाने में कोई इसे खा लेता, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

इस गंभीर लापरवाही के बाद पीड़ित अजहर खान तुरंत पैकेट लेकर संबंधित दुकानदार के पास पहुंचे। दुकानदार ने तुरंत सप्लायर को फोन कर मौके पर बुलाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद पैकेट पर छपे कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने बाजार में बिक रहे पैक्ड खाद्य पदार्थों की नियमित व सख्त जांच कराने की मांग उठाई है ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं, मामले की शिकायत मिलने के बाद फूड इंस्पेक्टर योगेंद्र पांडे ने बताया कि मीडिया के माध्यम से यह पूरा प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और विभाग द्वारा जल्द ही इस मामले की गहनता से जांच कर दोषी कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version