हिमालय प्रहरी

लालकुआं: गौला रोड क्रासिंग के पास युवक पर नुकीले हथियार से जानलेवा हमला, भाजपा नेता नफीस खान के पुत्र घायल; तहरीर दर्ज

खबर शेयर करें -

लालकुआं। नगर के गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक युवक पर नुकीले हथियार से अचानक जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में युवक की नाक पर गंभीर चोट आई है, जिसे राहगीरों ने तत्काल उपचार के लिए सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंचाया। पीड़ित युवक फरहाद रजा खान, जो वरिष्ठ भाजपा नेता नफीस खान के पुत्र हैं, ने लालकुआं कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
नशा छोड़ने की समझाइश बनी रंजिश की वजह
सुभाष नगर (वार्ड नंबर 5) निवासी पीड़ित फरहाद रजा खान ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ गौला रोड क्रॉसिंग के पास एक स्वीट्स की दुकान के सामने से घर लौट रहा था। इसी दौरान संजय नगर हाथीखाना निवासी एक युवक अचानक सामने आया और बिना किसी वजह के नुकीले हथियार से उसकी नाक पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार आरोपी पूर्व में उसका मित्र था, लेकिन नशीले पदार्थों के सेवन का आदी होने के कारण पीड़ित ने उसे समझाने का प्रयास किया था। बात न मानने पर दोनों में बातचीत बंद हो गई थी, जिससे खुन्नस खाकर आरोपी पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था।
घायल को अस्पताल पहुँचाया, पुलिस से सुरक्षा की मांग
घटना के तुरंत बाद आसपास के राहगीरों ने घायल फरहाद को निजी वाहन से बेस अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया, जहाँ उसका उपचार कराया गया। पीड़ित ने बताया कि पुरानी रंजिश और धमकियों के चलते अचानक हुए इस हमले के बाद से वह और उसका परिवार अपनी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित व कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
Exit mobile version