हिमालय प्रहरी

गुरुड़ाबांज महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित, हर्षिता आर्य और किरण ने मारी बाजी

खबर शेयर करें -

गुरुड़ाबांज (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय गुरुड़ाबांज, अल्मोड़ा में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के तहत ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020’ विषय पर वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नई शिक्षा नीति, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कौशल विकास तथा रोजगारपरक शिक्षा जैसे अहम मुद्दों पर अपने तर्कपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।
भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करती है NEP-2020: प्राचार्या डॉ. प्रणीता नंद
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. गगन प्रीत सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रमुख उद्देश्यों और आयामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रणीता नंद ने अपने संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति छात्रों को भविष्य की वैश्विक चुनौतियों और आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करने पर केंद्रित है। उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा, तकनीक और दक्षता आधारित मूल्यांकन की महत्ता पर विशेष जोर दिया।
भाषण प्रतियोगिता में हर्षिता और किरण रहीं प्रथम, विजेताओं को दी बधाई
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने एनईपी (NEP-2020) के पक्ष और विपक्ष में दमदार तर्क रखे। पक्ष में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में हर्षिता आर्य ने प्रथम, स्वामी ने द्वितीय तथा सपना बिष्ट ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं विपक्ष में किरण प्रथम, अभिलाषा आर्य द्वितीय और ममता बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. भानु प्रताप सिंह एवं सुनील कुमार ने निभाई। इस अवसर पर डॉ. किरन बाला, देवेंद्र कुमार समेत महाविद्यालय के समस्त शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।
Exit mobile version