
भीमताल (नैनीताल)। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र अंतर्गत मेहरागांव में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर सुरक्षा दीवार बनाने के दौरान अचानक पहाड़ी से दरककर भारी मलबा आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।
दो मजदूरों की मौके पर मौत, एक अस्पताल में भर्ती
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान गौरी देवी (38 वर्ष) पत्नी महेंद्र कुमार (मूल निवासी लालकुआं, हाल निवासी निशौला, भीमताल) और हरीश थापा (18 वर्ष) पुत्र दीपक थापा (निवासी नेपाल) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में नेपाल निवासी नेत्र सिंह मलबे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
परिजनों ने ठेकेदार पर लगाए लापरवाही के गंभीर आरोप
दो मजदूरों की अकाल मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे आक्रोशित परिजनों ने ठेकेदार पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घोर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि जोखिम भरे स्थान पर निर्माण कार्य कराने के बावजूद मजदूरों की सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया था, जिससे यह हादसा हुआ।
एसपी क्राइम ने लिया जायजा, ठेकेदार हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी क्राइम ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे में ठेकेदार की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।