दहेज के लिए नवविवाहिता कोहिनूर की हत्या; पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार; आत्महत्या दिखाने की रची गई थी साजिश

खबर शेयर करें -
रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल जिले के रामनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ खताड़ी क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने एक नवविवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने इस जघन्य हत्याकांड को आत्महत्या का रूप देने के लिए मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाने का असफल प्रयास भी किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार कर लिया है।

पांच लाख रुपए और बुलेट बाइक के लिए प्रताड़ित कर रहे थे सुसरायजनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढ़नपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने गत 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर निवासी उवेश के साथ हुआ था।
पिता का आरोप है कि निकाह में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं हुए। वे लगातार पांच लाख रुपए नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर कोहिनूर को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी विवाद के चलते 16 अक्टूबर को कोहिनूर की हत्या कर दी गई।

हत्या को आत्महत्या दिखाने की रची गई थी साजिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने गहन जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस की विवेचना और पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन आपसी कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। आरोप है कि आरोपियों ने कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसके हाथ-पैर पकड़कर दबाव बनाया, जिससे उसकी दम घुटने से मौत हो गई। इसके बाद मामले को आत्महत्या का रंग देने के लिए उसके गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाने का नाटक किया गया, ताकि पुलिस और लोगों को गुमराह किया जा सके।

चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य संलिप्तता की जांच जारी

रामनगर कोतवाली पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मृतका के पति उवेश, सास नसरीन, जेठ अनस और ननद शबा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी गहराई से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड सचिवालय में महिला अनुभाग अधिकारी से अभद्रता और धमकी; नशे में धुत उपनल कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  तहबाजारी के नाम पर व्यापारियों से बदसलूकी पर महापौर बाली का बड़ा एक्शन, ठेका निरस्त