हिमालय प्रहरी

दुग्ध सहकारिता में लालकुआं दुग्ध संघ का दबदबा: उत्तराखंड में मिला पहला स्थान, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अध्यक्ष मुकेश बोरा को किया सम्मानित

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। दुग्ध उत्पादन एवं सहकारिता के क्षेत्र में नैनीताल जनपद के लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। अपनी पारदर्शी कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड दुग्ध उपार्जन और बेहतर प्रबंधन के दम पर लालकुआं दुग्ध संघ को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उत्तराखंड का ‘सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ’ घोषित किया गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से लालकुआं सहित संपूर्ण नैनीताल जनपद के पशुपालकों और सहकारिता क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

मैदानी क्षेत्र की श्रेणी में हासिल किया पहला स्थान

उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन लिमिटेड द्वारा जारी आधिकारिक प्रमाण-पत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्रों के दुग्ध संघों की श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 के उपार्जन संबंधी आंकड़ों और गतिविधियों के आधार पर लालकुआं दुग्ध संघ को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रथम स्थान पर चयनित किया गया है। यह प्रमाण-पत्र यूसीडीएफ (UCDF) के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, सामान्य प्रबंधक आर.एम. तिवारी और उप महाप्रबंधक पी.एस. नागपाल के हस्ताक्षरों से जारी किया गया है।

शक्तिफार्म मेले में कैबिनेट मंत्री ने दिया प्रतिष्ठित पुरस्कार

ऊधमसिंह नगर के शक्तिफार्म में आयोजित भव्य ‘पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले’ के दौरान प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लालकुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को मंच पर सम्मानित करते हुए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सौंपा। इस दौरान मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुकेश बोरा के कुशल नेतृत्व और संघ की उत्कृष्ट कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की।

पशुपालकों और दुग्ध समितियों की मेहनत का फल

दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय क्षेत्र के ग्रामीण पशुपालकों की कड़ी मेहनत, प्राथमिक दुग्ध समितियों की सक्रियता और प्रबंधन के सामूहिक प्रयासों को दिया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता से जुड़े पशुपालकों के विश्वास और कर्मचारियों की निष्ठा के कारण ही लालकुआं दुग्ध संघ आज पूरे राज्य में शीर्ष स्थान पर अपनी जगह बना पाया है।
Exit mobile version