हिमालय प्रहरी

रामनगर-हल्द्वानी हाईवे पर डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत, लिफ्ट लेने वाली महिला गंभीर

खबर शेयर करें -

रामनगर (नैनीताल):

नैनीताल जिले में रामनगर-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैबुआ के समीप शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे 30 वर्षीय युवक कमलेश आर्या (निवासी पदमपुरी डोल, गैबुआ) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस भीषण हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।

रिश्तेदार के घर जा रही महिला ने मांगी थी लिफ्ट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कमलेश आर्या सुबह के समय बैलपड़ाव की ओर से अपने घर गैबुआ की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ग्राम कमोला निवासी बसंती थापा ने उनसे लिफ्ट मांगी। कमलेश दरियादिली दिखाते हुए उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर छोई स्थित उनके एक रिश्तेदार के घर छोड़ने जा रहे थे। तभी गैबुआ के पास अचानक सामने से आए अनियंत्रित और तेज गति के डंपर ने उनकी बाइक को रौंद दिया, जिससे कमलेश ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घायल महिला हायर सेंटर रेफर, फरार डंपर चालक की तलाश शुरू

स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचित करने के बाद दोनों घायलों को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. हर्ष ने बताया कि कमलेश आर्या की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल बसंती थापा को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर फरार डंपर चालक की तलाश तेज कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

Exit mobile version