लालकुआं: किच्छा से लालकुआं आ रही 33 केवीए की मुख्य विद्युत लाइन पर जंगली हाथियों ने हमला कर दिया, जिससे विद्युत टावर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस घटना के कारण लालकुआं नगर सहित बिंदुखत्ता और बरेली रोड के कई इलाकों में घंटों से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हाथियों के झुंड ने सूंड और पैरों से टेढ़ा किया टावर
जानकारी के अनुसार, नगला बाईपास के समीप टांडा के घने जंगल में जंगली हाथियों ने रात के समय भारी-भरकम विद्युत टावर को अपनी सूंड और पैरों से बुरी तरह धक्का देकर टेढ़ा कर दिया। टावर झुकने की वजह से 33 केवीए की हाई-वोल्टेज लाइनें पेड़ों से टकरा गईं, जिससे तत्काल बिजली गुल हो गई। रात में ही जब बिजली कर्मी फाल्ट की तलाश में जंगल पहुंचे, तो वहां हाथियों का झुंड देखकर वे सहम गए और उच्च अधिकारियों को सूचित किया।
वैकल्पिक पोल लगाकर आपूर्ति बहाल करने की कोशिश
विद्युत विभाग के एसडीओ संजय प्रसाद अपनी टीम के साथ मौके पर डटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि टावर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, इसलिए उसकी जगह तत्काल वैकल्पिक विद्युत पोल खड़े करने की कार्रवाई की जा रही है। रविवार सुबह तड़के से ही कर्मचारी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे हैं।
शाम तक सुचारू हो सकती है बिजली
विद्युत आपूर्ति ठप होने से हजारों की आबादी प्रभावित हुई है। एसडीओ संजय प्रसाद ने बताया कि जंगल में काम करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन देर शाम तक आपूर्ति सुचारू करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। तब तक उपभोक्ताओं को धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
