हिमालय प्रहरी

रामनगर में वन कर्मियों और लकड़ी तस्करों के बीच मुठभेड़: ताबड़तोड़ चलीं गोलियां, तीन बाइकें छोड़कर जंगल में भागे तस्कर

खबर शेयर करें -

रामनगर। रामनगर वन प्रभाग के रामनगर वन क्षेत्र अंतर्गत तड़के वन कर्मियों और खैर (कत्था) के लकड़ी तस्करों के बीच तीखी मुठभेड़ हो गई। गुलजारपुर बीट में गश्त के दौरान खुद को घिरता देख तस्करों ने वन विभाग की टीम पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षार्थ वन कर्मियों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई में लगभग 15 राउंड फायरिंग की गई। वन कर्मियों के कड़े रुख को देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।

मौके से तीन बाइकें बरामद, केस दर्ज

घटना शुक्रवार तड़के करीब ढाई बजे की है, जब एन-2 क्षेत्र में गश्त कर रही टीम को जंगल में हलचल दिखाई दी। वन कर्मियों द्वारा ललकारे जाने पर तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी थी। मुठभेड़ के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में रातभर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। तस्कर अपनी तीन मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़कर भाग निकले थे, जिन्हें लकड़ी तस्करी में इस्तेमाल किया जाना था।

तस्करों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

रामनगर वन प्रभाग के रेंजर शेखर तिवारी ने बताया कि बरामद तीनों बाइकों को सीज कर जुड़का वन परिसर में खड़ा करवा दिया गया है और अज्ञात तस्करों के खिलाफ वन अपराध का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि फरार तस्करों की शिनाख्त और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version