लालकुआं: उत्तराखंड के लालकुआं क्षेत्र में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जहाँ ठगों ने दो महिलाओं को लाखों रुपयों का चूना लगाया है। इनमें से एक ठगी सोशल मीडिया पर दोस्ती के बहाने की गई, जबकि दूसरी ऑनलाइन शॉपिंग के रिफंड के नाम पर हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर लंदन के दोस्त ने महिला से ठगे 5 लाख
बिंदुखत्ता के शांतिनगर की एक महिला ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी लंदन के रहने वाले ‘शैल’ नाम के व्यक्ति से दोस्ती हुई। बातचीत वॉट्सएप पर भी होने लगी, जहाँ उसने महिला से भारत आकर महंगे उपहार और विदेशी करेंसी लाने का वादा किया। 11 अगस्त को महिला के पास एक फोन आया, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए कहा कि ‘शैल’ को एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है और उसे छुड़ाने के लिए टैक्स भरना होगा। महिला ने 11 से 29 अगस्त के बीच विभिन्न खातों में 5 लाख 5 हजार रुपये जमा करा दिए। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
ऑनलाइन शॉपिंग के रिफंड के नाम पर 1.67 लाख की ठगी
एक अन्य मामले में, हल्दूचौड़ के डूंगरपुर निवासी एक महिला से ऑनलाइन शॉपिंग के सामान का पैसा वापस दिलाने के नाम पर 1 लाख 67 हजार रुपये की ठगी हुई। महिला ने अमेजन से खरीदे गए सामान का रिफंड पाने के लिए कस्टमर केयर को मैसेज किया था। अगले दिन उसे एक फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताया और अकाउंट का बैलेंस चेक करने को कहा। जैसे ही महिला ने बैलेंस चेक किया, उसके दो खातों से पैसे निकाल लिए गए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है।
