
लालकुआं/बिंदुखत्ता। इंद्रानगर-2 स्थित महा बिंदेश्वर महादेव मंदिर में सावन के पावन माह के अवसर पर कल, 10 अगस्त को भव्य शिवार्चन, अलौकिक श्रृंगार एवं संगीतमय भजन संध्या का विशाल आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक उत्सव को लेकर बिंदुखत्ता और लालकुआं क्षेत्र के शिव भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष व वरिष्ठ समाजसेवी गोकुलानंद उपाध्याय ने क्षेत्रवासियों से इस पावन अनुष्ठान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की भावपूर्ण अपील की है।
अलौकिक श्रृंगार, संगीतमय भजन संध्या और विशाल भंडारे का होगा आयोजन
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान भगवान भोलेनाथ का विशेष द्रव्यों से अभिषेक, मनमोहक श्रृंगार और महाआरती की जाएगी। इसके बाद सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत भजनों की अमृत वर्षा से श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होंगे। अनुष्ठान की पूर्णाहुति और आरती के पश्चात सभी उपस्थित भक्तों के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है। मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष गोकुलानंद उपाध्याय ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में समरसता और सकारात्मक ऊर्जा लाते हैं, इसलिए सभी क्षेत्रवासी सपरिवार और मित्रों सहित समय पर पहुंचकर बाबा बिंदेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करें।
बारिश को ध्यान में रखकर की गई वाटरप्रूफ व्यवस्थाएं, तैयारियां पूरी
आयोजन समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए विशाल पंडाल, भव्य प्रकाश व्यवस्था और बैठने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मौसम को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि बारिश होने पर भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। समिति ने सभी गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं से समय से मंदिर परिसर पहुंचकर धर्म लाभ उठाने का आह्वान किया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें