हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी : शहर के नामी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के लिए भर्ती युवक गुलदार की 2 खालों संग गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

एसओजी और पुलिस ने मुखानी चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में किडनी की पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए भर्ती बागेश्वर निवासी एक युवक को गुलदार की दो खालों के साथ पकड़ा है। तस्करी में शामिल उसका एक साथी फरार बताया जा रहा है।

एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा ने मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नामी हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज के पास गुलदार की दो खाल हैं, जिन्हें उसने अपने बैग में छिपाकर रखा है. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हॉस्पिटल में छापा मारा.

छापे के दौरान पुलिस को मरीज के बेड के नीचे से उसके बैग से दो गुलदार की खाल बरामद हुई. पुलिस ने जब मरीज से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका नाम नवीन चंद्र पुत्र नंदा बल्लभ निवासी कपकोट बागेश्वर है. पूछताछ में पता चला कि वह 13 सितंबर को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुआ था, जहां उसने अपने साथ दो गुलदारों की खाल को लाकर रखा था.

पुलिस के मुताबिक आरोपी गुलदारों की खाल किसी को देने की फिराक में था. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गुलदारों को पहाड़ के किसी जंगल से मारने के बाद उनकी खाल निकालकर हल्द्वानी बेचने आया था. उसके अन्य साथी भी इसमें शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.

Exit mobile version