34वीं वाहिनी ITBP हल्दूचौड़ में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस: सेनानी राजेश कुमार जोशी ने किया ध्वजारोहण, हिमवीरों ने लिया राष्ट्र रक्षा का संकल्प
हल्दूचौड़। 34वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP), हल्दूचौड़ में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत धूमधाम, हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि एवं वाहिनी के सेनानी राजेश कुमार जोशी ने आन-बान-शान से राष्ट्रध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गूंजा ‘वंदे मातरम्’, शहीदों को किया नमन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा वाहिनी परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। उपस्थित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, हिमवीरों और हिमवीरांगनाओं ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान सभी कार्मिकों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
आजादी असंख्य वीरों के त्याग का परिणाम: सेनानी राजेश कुमार जोशी
समारोह को संबोधित करते हुए सेनानी राजेश कुमार जोशी ने वाहिनी के समस्त कार्मिकों व उनके परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, समर्पण और अनवरत संघर्ष का प्रतिफल है, तथा राष्ट्र की सुरक्षा व निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
वरिष्ठ अधिकारी और हिमवीर रहे उपस्थित
समारोह में उप सेनानी (जीडी) फतेह सिंह, संजय तिवारी, शिवराज सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर, सहायक सेनानी (अभियंता) दीपू सिंह तथा सूबेदार मेजर रश्मि रंजन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, हिमवीर और हिमवीरांगनाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण और देश की प्रगति में निरंतर योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


