हल्द्वानी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सोमवार को परिवहन विभाग की टीमों ने विभिन्न मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे 105 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि गंभीर खामियां मिलने पर 6 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) डॉ. गुरदेव सिंह के अनुसार, प्रवर्तन टीमों ने हल्द्वानी-कालाढूंगी, हल्द्वानी-नैनीताल, बरेली रोड और रुद्रपुर मार्ग पर ई-रिक्शा, ऑटो, ट्रक, बस और दोपहिया वाहनों की सघन जांच की। इस अभियान का नेतृत्व परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, अनुभव आर्या, अपराजिता पांडे तथा सहायक निरीक्षकों ने किया।
कार्रवाई के दौरान सर्वाधिक 35 चालान ओवरलोडिंग के किए गए। इसके अलावा बिना हेलमेट (22), बिना यूनिफॉर्म (17), बिना टैक्स (13), बिना पीयूसी (11) और यात्री वाहनों में माल ढोने के (11) चालान काटे गए। बिना फिटनेस और बीमा के भी 8-8 वाहनों पर गाज गिरी, जबकि स्कूली वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स व अग्निशमन यंत्र न मिलने पर भी कार्रवाई हुई। RTO डॉ. गुरदेव सिंह ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें