
हल्द्वानी। शहर के सबसे प्रमुख और व्यस्तम बाजार क्षेत्रों में शुमार ‘मंगल पड़ाव’ जल्द ही एक नए और आधुनिक रूप में नजर आएगा। नगर निगम ने मंगल पड़ाव से सिंधी चौराहे के बीच स्थित पुरानी व जर्जर दुकानों को हटाकर ९० करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक भव्य चार मंजिला व्यावसायिक परिसर (कमर्शियल कॉम्प्लेक्स) बनाने की महत्वाकांक्षी कार्ययोजना तैयार की है। इस नए प्रोजेक्ट से जहां वर्षों पुरानी अव्यवस्था दूर होगी, वहीं पार्किंग और यातायात सुचारू करने में भी बड़ी मदद मिलेगी।
यह प्रस्तावित व्यावसायिक भवन होलिका ग्राउंड (सिंधी चौराहा) से आंबेडकर पार्क (मंगल पड़ाव) के बीच लगभग दो एकड़ क्षेत्रफल में फैला होगा। नगर निगम की योजना के तहत निचले दो तलों (फ्लोर) में विभिन्न प्रकार की आधुनिक दुकानें विकसित की जाएंगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वहीं ऊपरी दो तलों में बड़े-बड़े हॉल बनाए जाएंगे, जिनका उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक व बड़े व्यावसायिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा।
प्रभावित व्यापारियों को प्रथम तल पर मिलेगी प्राथमिकता, कुल २१२ दुकानें बनेंगी
वर्तमान में मंगल पड़ाव क्षेत्र में बनी तंग दुकानों को तीन चरणों में हटाने की योजना है। इस निर्माण से लगभग १५० से अधिक दुकानें प्रभावित होंगी:
-
पुनर्वास योजना: पहले चरण में ५६ दुकानों को अस्थाई रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा। कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार होने के बाद प्रभावित मूल व्यापारियों को प्रथम तल पर प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएंगी।
-
दुकानों की संख्या में बढ़ोतरी: नए भवन में कुल २१२ आधुनिक दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। प्रभावितों को समायोजित करने के बाद बची हुई दुकानें नियमानुसार अन्य व्यापारियों को किराए पर दी जाएंगी।
-
अर्बन चैलेंज फंड (UCF) से वित्तपोषण: निर्माण कार्य अर्बन चैलेंज फंड योजना के तहत बैंक ऋण के माध्यम से किया जाएगा। इस केंद्रीय योजना के तहत निकायों को अपने आय के स्रोत बढ़ाने के लिए सब्सिडी भी प्रदान की जाती है।
‘व्यापार सुगम होगा और शहर को मिलेगी नई पहचान’
हल्द्वानी नगर निगम के मेयर गजराज बिष्ट ने बताया— “शहर की व्यापारिक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित, सुंदर और सुगम बनाने के लिए इस नए व्यावसायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। इससे न केवल स्थानीय व्यापारियों का कारोबार बेहतर होगा, बल्कि आम जनता को भी एक ही छत के नीचे आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम क्षेत्र की ट्रैफिक व पार्किंग की समस्या को खत्म करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।”