
हल्द्वानी (नैनीताल)। कमलुवागांजा क्षेत्र के उभरते बैडमिंटन सितारे तन्मय वर्मा ने एक बार फिर देवभूमि का नाम रोशन किया है। तन्मय का चयन भारतीय अंडर-15 बैडमिंटन टीम में एकल (Singles) और युगल (Doubles) दोनों वर्गों के लिए हुआ है। इससे पूर्व वर्ष 2024 में उन्होंने अंडर-13 वर्ग के एकल और युगल दोनों वर्गों में भारत का नंबर-1 खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया था।
जम्मू राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीता था खिताब
तन्मय ने जम्मू में आयोजित राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में अंडर-13 बालक युगल वर्ग का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इसके अलावा ऑल इंडिया रैंकिंग प्रतियोगिताओं में भी उनका लगातार दबदबा रहा है। अंडर-13 में शीर्ष रैंकिंग हासिल करने के बाद, अंडर-15 वर्ग में कदम रखते ही उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन की लय को बरकरार रखा।
देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना मुख्य लक्ष्य
तन्मय के पिता संजय कुमार वर्मा ने खुशी जताते हुए बताया कि उनका बेटा दिन-रात कड़ी मेहनत और कड़ा अभ्यास कर रहा है। तन्मय का एकमात्र सपना और लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए तिरंगा लहराना और भारत के लिए पदक जीतना है। तन्मय की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और स्थानीय निवासियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें