हिमालय प्रहरी

दिल दहला देने वाली घटना: होटल में जुड़वां बच्चे की संदिग्ध मौत, सदमे में पिता ने रेलवे ट्रैक पर दी जान!

खबर शेयर करें -

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहां मध्य प्रदेश से लौटे एक परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि महज 24 घंटे के भीतर पहले जुड़वां बच्चों में से एक मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और फिर इस गम को बर्दाश्त न कर पाने के कारण पिता ने भी रेलवे ट्रैक पर जाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। एक साथ दो मौतों से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

ढाई महीने बाद मध्य प्रदेश से लौटा था परिवार

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) निवासी 30 वर्षीय राघवेंद्र जोशी अपनी पत्नी और तीन वर्षीय जुड़वां बच्चों के साथ सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद गांव में किराए पर रहते थे। राघवेंद्र यहां कपड़ों की फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पिछले करीब ढाई महीने से पूरा परिवार अपने गांव मध्य प्रदेश गया हुआ था। बीते बुधवार की रात को ही राघवेंद्र अपने परिवार के साथ हरिद्वार वापस लौटे थे। रात अधिक होने और रावली महदूद की दूरी ज्यादा होने के कारण उन्होंने हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में कमरा ले लिया था।

होटल में मासूम की मौत, लापता हुए पिता

गुरुवार सुबह अचानक दोनों जुड़वां बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बदहवास माता-पिता ने होटल कर्मचारियों की मदद ली। सुबह करीब 10:30 बजे राघवेंद्र की पत्नी होटल के एक कर्मचारी के साथ दोनों बच्चों को लेकर तत्काल जिला मेला अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उपचार के लिए भर्ती कर लिया।

अस्पताल प्रशासन की सूचना पर जब नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गहरे सदमे में डूबी महिला से पूछताछ की, तो उसने बताया कि पति राघवेंद्र रावली महदूद स्थित कमरे पर जाने के लिए किराए का वाहन (टैक्सी) तय करने की बात कहकर होटल से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। पुलिस ने जब राघवेंद्र के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन लगातार बंद आता रहा।

रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत मिला शव

इसी बीच, गुरुवार देर शाम को ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लाल पुल के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का अज्ञात शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची ज्वालापुर पुलिस ने जब मृतक की जेब की तलाशी ली, तो उसमें मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त लापता राघवेंद्र जोशी के रूप में हुई। बाद में अस्पताल में मौजूद रोती-बिलखती पत्नी ने भी शव की पहचान अपने पति के रूप में की। आशंका जताई जा रही है कि बच्चे की अचानक मौत के सदमे और दुख को राघवेंद्र सहन नहीं कर पाए और उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह हुई मौत से पुलिस महकमा भी हैरान है। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस ने बच्चे और पिता दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि बच्चे की अचानक मौत किस वजह से हुई और राघवेंद्र के साथ क्या परिस्थितियां बनीं, इसका सही खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहन जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस होटल के स्टाफ और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर मामले के हर पहलू को खंगाल रही है।

Exit mobile version