
राजू अनेजा, काशीपुर।काशीपुर में मंगलवार की रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब दड़ियाल रोड स्थित बस स्टैंड के पास स्पेयर पार्ट्स से लदे एक छोटा हाथी वाहन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते वाहन से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सड़क किनारे धधकते वाहन को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, वाहन में भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स लदे हुए थे। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी तो आसपास के लोगों ने तत्काल फायर स्टेशन को सूचना दी।
लपटें उठते ही दौड़ी दमकल, मौके पर मचा हड़कंप
सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह के निर्देशन में फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि वाहन आग की चपेट में आ चुका था और लपटें तेजी से फैल रही थीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए मोटर फायर इंजन से होजरील फैलाकर पंपिंग शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
वाहन में बड़ी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स भरे होने के कारण आग के तेजी से फैलने का खतरा था। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास फैलने से पहले ही बुझा दिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इन दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा
अग्निशमन विभाग की टीम में चालक संदीप शर्मा, फायरमैन राहुल शाह और महिला फायरमैन रजनी शामिल रहे। टीम की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों और वाहन में हुए नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

