हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड में 10 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी: देहरादून और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट, भूस्खलन की चेतावनी

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य में 10 अगस्त तक मौसम का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का सिलसिला लगातार बना रहेगा। बुधवार (5 अगस्त) को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं, राज्य के अन्य सभी जिलों में तेज गर्जना के साथ मुसलाधार बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

6 से 8 अगस्त तक पर्वतीय जिलों में बारिश का दौर, मैदानी इलाकों में राहत

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 अगस्त (गुरुवार) को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पौड़ी जिलों में भारी बारिश की आशंका है, जबकि मैदानी जिलों—हरिद्वार और उधम सिंह नगर—में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। 7 और 8 अगस्त (शुक्रवार व शनिवार) को भी देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर समेत पहाड़ी इलाकों में तीव्र बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। इसके बाद 9 और 10 अगस्त को पूरे प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान जताया गया है।

भूस्खलन और बिजली गिरने की चेतावनी, सतर्कता बरतने की अपील

मौसम विभाग ने संवेदनशील और पर्वतीय इलाकों में हल्के से मध्यम भूस्खलन और चट्टानें खिसकने का खतरा जताया है, जिससे मार्ग बाधित हो सकते हैं। साथ ही कई स्थानों पर बिजली व पानी जैसी बुनियादी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की गई है। विभाग ने आम जनता और यात्रियों को वज्रपात (बिजली चमकने) से विशेष सावधानी बरतने और नदी-नालों तथा ढलान वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।

Exit mobile version