हिमालय प्रहरी

एचएनबी गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर में ‘जय हो’ के हिमांशु भंडारी बने छात्रसंघ अध्यक्ष: ABVP के प्रत्याशी को 1505 वोटों के भारी अंतर से हराया; पौड़ी परिसर में NSUI का दबदबा

खबर शेयर करें -
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के सबसे बड़े बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। ‘जय हो’ छात्र संगठन के प्रत्याशी हिमांशु भंडारी ने इतिहास रचते हुए छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशी भुवन चमोली को 1505 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती द्वारा जारी परिणामों के अनुसार, हिमांशु को कुल 3301 मत मिले, जबकि एबीवीपी के भुवन चमोली को 1796 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। इस बार कुल 8,776 मतदाताओं में से 5,208 छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
विभिन्न पदों के नतीजे और पौड़ी कैंपस में NSUI की एकतरफा जीत से बदला राजनीतिक समीकरण
अन्य पदों पर उपाध्यक्ष पद के लिए ‘छात्रम्’ संगठन के पुलकित अग्रवाल ने प्रीति वर्मा को 945 वोटों से हराकर बाजी मारी। सचिव पद पर SSUCI/NSUI समर्थित मयंक बहुगुणा ने 333 वोटों से जीत दर्ज की, जबकि सह-सचिव पद पर निर्दलीय प्रत्याशी अमन कुनियाल विजयी रहे। कोषाध्यक्ष पद पर ‘जय हो’ के रामरूप गुर्जर निर्विरोध चुने गए। उधर, विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में NSUI का दबदबा देखने को मिला, जहां अध्यक्ष पद पर आयुष थपलियाल, सचिव पद पर ऋषभ कुमार और कोषाध्यक्ष पद पर अनीशा ने कब्जा जमाया। गढ़वाल विवि की छात्र राजनीति को राज्य की मुख्यधारा की राजनीति का प्रतिबिंब माना जाता है; ऐसे में एबीवीपी के इस पारंपरिक गढ़ में मिली करारी शिकस्त को सत्ताधारी दल के लिए एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
Exit mobile version