सहकारिता चुनाव में मुकेश बोरा का दबदबा कायम, गोविंद सिंह मेहता तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित; बोरिंग पट्टा समिति से पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी की करारी हार

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। कुल 245 में से 238 समितियों में पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन हुआ, जबकि केवल सात समितियों में मतदान के जरिए फैसले हुए। इस चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध समिति से लगातार 12वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष बनकर अपना मजबूत दबदबा कायम रखा; वह वर्ष 1996 से लगातार इस पद पर बिन विरोध चुने जा रहे हैं। वहीं संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकंड दुग्ध समिति से तीसरी बार निर्विरोध जीत दर्ज की।
238 समितियों में निर्विरोध चयन, पूर्व चेयरमैन को मिली शिकस्त
चुनाव के दौरान सबसे बड़ा उलटफेर बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में देखने को मिला, जहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चुनाव मैदान में उतरे जगदीश पंत ने शिकस्त देकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। इसके अलावा बिंदुखत्ता टूटी पुलिया समिति से नवीन पपोला, भगवतपुर से दीपा रैकवाल और वुडाधुरा समिति से हेमा पड़ियाड अध्यक्ष चुनी गईं। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नैनीताल दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, विभिन्न प्रभारियों व भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल सहित जनप्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए दुग्ध उत्पादकों के हित में संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्य करने की उम्मीद जताई।

