हिमालय प्रहरी

मामूली विवाद का खौफनाक अंत: जसपुर में कार सवारों ने बाइक को मारी टक्कर, युवक को घसीटकर कुचला, मौत

खबर शेयर करें -

जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। दिन में हुए एक मामूली विवाद की रंजिश में कार सवार बदमाशों द्वारा बाइक सवार युवकों को पीछे से टक्कर मारने और एक युवक को कार से घसीटते हुए कुचलकर मार डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस दिल दहला देने वाली घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं। वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। वहीं, विधायक आदेश चौहान, भाजपा नेता खड़क सिंह, महेश प्रजापति और अशोक खन्ना आदि ने भी कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे नितिन, हर्ष और लवीश एक बाइक पर सवार होकर ठाकुरद्वारा चुंगी के पास गए थे। वापसी में खेड़ा रोड पर आयुर्वेदिक अस्पताल के पास पहले से घात लगाए बैठे पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू ने अपनी कार से जानबूझकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए, जिसके बाद कार सवारों ने नितिन कुमार को बेरहमी से कार से कुचल दिया। घायल हर्ष और लवीश अपनी जान बचाने के लिए शोर मचाने लगे, जिसके बाद स्थानीय लोगों को आता देख कार सवार मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार में पुष्पेंद्र के साथ जाकिर गुज्जर और एक अन्य युवक सवार था।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने तीनों घायलों को तुरंत काशीपुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नितिन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। नितिन के पिता बनारसी दास ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि आरोपियों ने दिन में भी उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान, जाकिर गुज्जर और एक अज्ञात सहित तीन के खिलाफ हत्या (धारा 302) का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version