हिमालय प्रहरी

किच्छा: दिनदहाड़े बीच सड़क पर खौफनाक वारदात; लेनदेन के विवाद में बोलेरो सवार 6 बदमाशों ने बाजपुर के युवक को कार से खींचकर पीटा, फिर जबरन अगवा कर ले गए

खबर शेयर करें -
किच्छा (ऊधमसिंह नगर)। किच्छा शहर में सोमवार को दिनदहाड़े कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बोलेरो सवार छह बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक युवक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। लेनदेन के पुराने विवाद को लेकर बदमाशों ने शहर के व्यस्ततम इलाके में एचडीएफसी बैंक के सामने बाजपुर निवासी युवक की कार रोककर उसे बाहर खींच लिया और सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद आरोपी युवक को जबरन अपनी बोलेरो गाड़ी में डालकर अगवा कर ले गए, जबकि एक बदमाश पीड़ित की स्विफ्ट कार भी अपने साथ भगा ले गया।

कार आगे लगाकर रोका रास्ता, जान बचाकर भागा साथी

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजपुर के ग्राम इटऊआ निवासी हरजिंदर सिंह (पुत्र रतन सिंह) का लालकुआं निवासी कुछ लोगों के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को हरजिंदर सिंह अपने साथी संदीप के साथ अपनी स्विफ्ट कार से किसी कार्यवश किच्छा आए हुए थे।
इसी दौरान शहर में एचडीएफसी बैंक के पास घात लगाए बैठे बोलेरो सवार छह युवकों ने अचानक हरजिंदर की स्विफ्ट कार के आगे अपनी बोलेरो अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। कार रुकते ही बोलेरो से उतरे हमलावरों ने स्विफ्ट के दरवाजे खोलकर अंदर बैठे लोगों को बाहर खींचना शुरू कर दिया। खतरे को भांपकर हरजिंदर ने मौके से भागकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और बीच सड़क पर पटक दिया। इसके बाद सभी युवकों ने मिलकर उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। मारपीट का यह खौफनाक मंजर देखकर हरजिंदर का साथी संदीप घबराकर मौके से भाग निकला।

पुलिस के दबाव में आनंदपुर मोड़ पर स्विफ्ट कार छोड़कर भागे बदमाश

शहर के व्यस्त मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस मारपीट और अपहरण की वारदात से आसपास के इलाके में हड़कंप और दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी।
कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरजिंदर का लालकुआं के कुछ लोगों से लेनदेन का विवाद चल रहा था, इसी रंजिश में छह आरोपी बोलेरो से आए और मारपीट के बाद उसे अगवा कर ले गए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश और नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस की घेराबंदी और बढ़ते दबाव को देखते हुए बदमाश पीड़ित की लूटी गई स्विफ्ट कार को आनंदपुर मोड़ के पास लावारिस छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और अगवा किए गए युवक की सकुशल बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए दबिश दी जा रही है।
Exit mobile version