नानकमत्ता/सितारगंज: ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत दहला रोड हाईवे पर 12 मई की देर रात दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक की जान चली गई। इस भीषण सड़क हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। मृतक की पहचान किच्छा निवासी 24 वर्षीय युवक के रूप में हुई है, जिसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
नई कार लेकर चंपावत जा रहे थे सवार, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 10:30 बजे कार संख्या UK06-AE-5310 और एक अन्य नई कार के बीच हुई। बताया जा रहा है कि नई कार का स्वामी उसे हल्द्वानी के शोरूम से लेकर चंपावत की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल में उपचार के दौरान आवास विकास कॉलोनी, किच्छा निवासी दीपान्त सिंघल (24 वर्ष) पुत्र पवन कुमार सिंघल की मृत्यु हो गई। हादसे में घायल मनप्रीत सिंह (किच्छा) और चंद्र प्रकाश जोशी (चंपावत) का सितारगंज उपजिला चिकित्सालय में इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए खटीमा उपजिला चिकित्सालय भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
