हिमालय प्रहरी

भवाली में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी महिंद्रा कार; बच्चे समेत 5 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें -

भवाली (नैनीताल): जनपद के भवाली क्षेत्र से बुधवार दोपहर एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल है। हादसे के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया है।

अचानक अनियंत्रित होकर खाई में समाया वाहन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार अपराह्न करीब 2:15 बजे उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर (UP 32 QU 1874) वाली एक महिंद्रा कार रातीघाट बायपास रोड से गुजर रही थी। ढैला गांव के तीखे मोड़ के पास चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार हवा में लहराते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी। कार के गिरते ही चीख-पुकार मच गई और वाहन के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम को दी।

SDRF और पुलिस ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान

भयानक हादसे की सूचना मिलते ही नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और एसएसबी (SSB) की टीमें राहत सामग्री और रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। दुर्गम और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू टीम को नीचे उतरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों शवों को खाई से बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया।

मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस

हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित कई उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी मृतक बाहरी राज्य के श्रद्धालु प्रतीत हो रहे हैं जो उत्तराखंड के किसी धाम या मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस ने सभी शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर मृतकों की शिनाख्त करने तथा उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी तकनीकी जांच की जा रही है।

Exit mobile version