
हल्द्वानी। हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश न लग पाने के कारण लगातार गंभीर हादसे सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को गौलापार के नवाड़खेड़ा के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब नौ स्कूली बच्चों को लेकर जा रही ‘आरम स्कूल’ की वैन और एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
गनीमत यह रही कि दोनों वाहनों के चालकों ने ऐन वक्त पर सूझबूझ दिखाई, जिससे एक भयावह अनहोनी टल गई। हालांकि, हादसे में वैन में सवार एक मासूम बच्चे के सिर में चोट आई है, जबकि अन्य सभी बच्चे सुरक्षित बच गए हैं।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, क्लीनिक में कराया गया प्राथमिक उपचार
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी डरे-सहमे बच्चों को वाहन से निकालकर पास के एक क्लीनिक ले जाया गया।
सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में चोट लगे घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भिजवाया गया। वहीं, अन्य सुरक्षित बच्चों को स्कूल प्रशासन ने दूसरे वाहन की व्यवस्था कर सुरक्षित स्कूल रवाना किया।
काठगोदाम की ओर से आ रही थी वैन, स्कॉर्पियो सवार मथुरा के निवासी
काठगोदाम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो गाड़ी गौला पुल की तरफ से आ रही थी, जिसमें सवार लोग मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, आरम स्कूल की वैन काठगोदाम की दिशा से आ रही थी और सड़क पार कर अन्य बच्चों को लेने की तैयारी कर रही थी, तभी दोनों वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है।
‘तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, जांच जारी’
काठगोदाम के कोतवाल जसबीर सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक पड़ताल में वाहनों की तेज गति को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में लगातार हो रहे ये सड़क हादसे साफ संकेत दे रहे हैं कि यदि तेज रफ्तार और ओवरस्पीडिंग पर समय रहते कठोर प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें