
लालकुआं। नगर से लगे सांपकठानी खत्ता क्षेत्र में पति की हैवानियत और पारिवारिक कलह का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक पति ने अपनी पत्नी की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। पति के अत्याचार से तंग आकर पीड़िता ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद आरोपी पति अचेत पड़ी पत्नी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुँचाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) रेफर कर दिया गया है।
मायके आई थी पीड़िता, रामपुर निवासी पति अक्सर करता था मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांपकठानी खत्ता निवासी 25 वर्षीया लक्ष्मी देवी का मायका इसी क्षेत्र में है, जबकि उसकी ससुराल रामपुर (उत्तर प्रदेश) में है। लक्ष्मी के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और वह इन दिनों अपने मायके आई हुई थी। आरोपी पति रविंद्र कश्यप भी वहाँ पहुँच गया और किसी बात को लेकर लक्ष्मी के साथ लाठी-डंडों से बुरी तरह मारपीट करने लगा। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी पति अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट और उत्पीड़न करता रहता था।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, हायर सेंटर में चल रहा इलाज
पति की बर्बरता के बाद लक्ष्मी द्वारा जहरीला पदार्थ गटकने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत एकत्र हुए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए अचेत लक्ष्मी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुँचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उसे हायर सेंटर हल्द्वानी भेज दिया। फिलहाल सुशीला तिवारी अस्पताल में पीड़िता का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस घटना का संज्ञान लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपी पति की तलाश में जुट गई है।