देहरादून: उत्तराखंड के मालदेवता क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण आपदा का कारण सामने आ गया है। प्रशासन की जांच में यह खुलासा हुआ है कि इलाके में हुए अवैध निर्माण और रिजॉर्ट ने नदी का रास्ता रोक दिया, जिससे नदी ने अपना रुख बदल लिया और भारी तबाही मचाई। इस आपदा में छह करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है।
जांच में सामने आई लापरवाही, 6 करोड़ से अधिक का नुकसान
डीएम सविन बंसल ने बताया कि 15 और 16 सितंबर को हुई भारी बारिश के बाद मालदेवता क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ा। जांच में पता चला कि किसनपुर बांडावाली में एक रिजॉर्ट मालिक ने अनाधिकृत तरीके से नदी का रुख मोड़ा था, जिसकी लापरवाही के कारण यह तबाही आई। इस हादसे में 150 मीटर सड़क और कई पुल बह गए, जिससे करोड़ों की सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। डीएम ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की सिफारिश की है।
प्रशासन की कड़ी कार्रवाई की तैयारी
डीएम सविन बंसल ने कहा कि जिन लोगों की लापरवाही से यह नुकसान हुआ है, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत करने के साथ-साथ नदी को ‘चैनलाइज’ करने के भी निर्देश दिए हैं।
वहीं, दून में रिस्पना और बिंदाल नदी के किनारे अवैध बस्तियों का मुद्दा भी सामने आया है। नगर आयुक्त नमामी बंसल ने बताया कि बिंदाल किनारे अवैध रूप से बसे लोगों का सर्वे पूरा हो गया है और जल्द ही उन पर कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
