
हरदोई (उत्तर प्रदेश), 27 जून 2026: वर्षाकाल 2026 में ‘वृक्षारोपण जन अभियान’ को व्यापक रूप से सफल बनाने के लिए वन विभाग ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में सामाजिक वानिकी वन एवं वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय निदेशक जे०बी० शेंडे की अध्यक्षता में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ प्रभागीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी 1 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले ‘वन महोत्सव’ कार्यक्रम की रूपरेखा और जन-भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
प्रमुख सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग
इस उच्च स्तरीय बैठक में जनपद के कई प्रतिष्ठित संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे:
-
जिला अध्यक्ष सरोज सिंगल, महिला विंग की जिला महामंत्री ज्योति बघेल।
-
शिवम द्विवेदी (अध्यक्ष, प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति)।
-
बिजय बहादुर सिंह (विभाग संयोजक, सेवा भारती हरदोई)।
-
सुधीर अवस्थी (एम०बी०जी०वी०एस०एस० संस्थान हरदोई) और कौशल सिंह (नाग फाउंडेशन)।
-
भवानी प्रसाद शर्मा (युवा मण्डल बिजगवां), मनोज राठौर (नारायन शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति) तथा आचार्य डा० शैलेन्द्र राठौर व कैलाश चन्द्र (गंगा योद्धा नमामि गंगे)।
मेडिकल कॉलेज में पौधरोपण और ट्री-गार्ड के लिए उद्योगपतियों से सहयोग की अपील
बैठक के दौरान रोपित किए जाने वाले पौधों की दीर्घकालिक सुरक्षा और सिंचाई व्यवस्था को लेकर कई व्यावहारिक सुझाव सामने आए:
-
परिसर वृक्षारोपण: महिला विंग की जिला महामंत्री ज्योति बघेल ने मेडिकल कॉलेज हरदोई के विस्तृत परिसर में सघन वृक्षारोपण कराने का प्रस्ताव रखा।
-
शहरी क्षेत्रों में फलदार पौधे: सुधीर अवस्थी एवं अजय कुमार अवस्थी ने नगर क्षेत्र में फलदार पौधों को रोपित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
-
ट्री-गार्ड की व्यवस्था: पौधों की सुरक्षा के लिए नगर पालिका परिषद हरदोई के अध्यक्ष, बड़े उद्योगपतियों, अवस्थी जर्दा कंपनी, व्यापार कर अधिकारी, उद्योग व्यापार मंडल, नेहरू युवा केंद्र और कृषि मंडी सचिव से वार्ता कर जन-सहयोग से ट्री-गार्ड (Tree Guards) उपलब्ध कराने की बात कही गई।
प्रभारी मंत्री करेंगे शुभारंभ; छात्र-छात्राएं भी बनेंगे अभियान का हिस्सा
बैठक में तय किया गया कि जनपद के प्रभारी मंत्री जी के कर-कमलों द्वारा मुख्य पौधरोपण कार्यक्रम का विधिक शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही, जिले के अन्य कार्यदायी विभागों के समन्वय, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और विशिष्ट वनों (Special Forests) की स्थापना को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई। प्रभागीय निदेशक ने सभी संस्थाओं से रेंज स्तर पर क्षेत्रीय वन अधिकारियों (RFOs) के निरंतर संपर्क में रहने और पौधरोपण स्थलों की जानकारी साझा कर सहयोग करने की अपील की।
सूचनाओं के लिए कंट्रोल रूम स्थापित; नोडल अफसर का नंबर जारी
वृक्षारोपण अभियान 2026 के सफल संचालन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए प्रभाग स्तर पर एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।
“प्रभागीय निदेशक जे०बी० शेंडे ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDFO) हरदोई को इस कंट्रोल रूम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान से जुड़ी किसी भी तकनीकी जानकारी, सहायता या पौधरोपण स्थल के समन्वय हेतु नागरिक व संस्थाएं सीधे उनके आधिकारिक मोबाइल नंबर 7839434897 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।”
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें