
लालकुआं/बिंदुखत्ता। किच्छा नगर पालिका चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों द्वारा की गई कथित अभद्रता और हाथापाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार देर शाम लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसियों ने एकजुट होकर कोतवाली चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार और पूर्व विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हनन बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
लोकतांत्रिक मर्यादाओं के हनन का आरोप; वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और राजनीतिक विद्वेष को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने दोषियों पर सख्त कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, बीना जोशी, कुंदन सिंह मेहता, भुवन पांडे, प्रदीप सिंह बथ्याल, रवि शंकर तिवारी, खीमानंद दुम्का, गुरदयाल सिंह मेहरा, अमजद खान, विजय सामंत और गिरधर सिंह बम समेत दर्जनों कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।