
मानिला (अल्मोड़ा)। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में राजकीय महाविद्यालय मानिला में छात्र संघ चुनाव 2026-27 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. पुष्पा नेगी की अध्यक्षता और छात्र संघ प्रभारी डॉ. रेखा के संचालन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने पर सहमति बनी। बैठक में समस्त प्राध्यापकों, पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों, भावी प्रत्याशियों और स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में चुनावी कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया, जिसके तुरंत बाद परिसर में चुनावी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
आचार संहिता लागू, 24 सितंबर को मिलेंगे नामांकन पत्र
अधिसूचना जारी होते ही महाविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में आदर्श चुनाव आचार संहिता के साथ-साथ धारा 144 लागू कर दी गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी, जबकि 25 सितंबर को नामांकन दाखिला एवं जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके उपरांत 29 सितंबर 2026 को सुबह से मतदान और शाम को मतगणना के बाद विजयी पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

