
राजू अनेजा, काशीपुर।गदरपुर के मेन मार्केट में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाइयों का खेल चल रहा था, जिसका पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में एसटीएफ कुमायूं यूनिट, कोतवाली गदरपुर पुलिस और औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद कीं।
कार्रवाई एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह व सीओ बाजपुर विभव सैनी के पर्यवेक्षण में की गई। मुखबिर की सूचना पर 02 मार्च 2026 को कुमार मेडिकल हॉल/स्टोर में आकस्मिक चेकिंग की गई।
तलाशी के दौरान 9,416 ट्रामाडोल मिश्रित कैप्सूल, 1,300 अल्प्राजोलाम टैबलेट और 51 कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए। ये सभी दवाइयां NDPS Act के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं।
मौके से मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार (53 वर्ष) पुत्र बनवारी लाल निवासी वार्ड नंबर 1, मेन बाजार गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद दवाइयां प्लास्टिक के कट्टों, गत्ते की पेटियों और कपड़े के थैलों में छिपाकर रखी गई थीं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।