हिमालय प्रहरी

बगैर नंबर प्लेट सड़कों पर फर्राटा भरने वाली बाइकों पर फिर चला काशीपुर पुलिस का हंटर!

खबर शेयर करें -

चेकिंग अभियान में एक दर्जन मोटरसाइकिलें सीज, नंबर प्लेट गायब कर कानून को ठेंगा दिखाने वालों पर पुलिस का शिकंजा

राजू अनेजा,काशीपुर। बगैर नंबर प्लेट के सड़कों पर बेखौफ फर्राटा भरने वाले बाइक चालकों पर कोतवाली काशीपुर पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कस दिया है। यातायात नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रही ऐसी मोटरसाइकिलों के खिलाफ पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रही एक दर्जन मोटरसाइकिलें पकड़कर सीज कर दी गईं। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों को दरकिनार कर वाहन चलाने वालों में हड़कंप मच गया।

नंबर प्लेट गायब कर सड़कों पर दौड़ रहीं थीं बाइक

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली काशीपुर पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रही एक दर्जन मोटरसाइकिलों को पकड़ा। पुलिस ने सभी वाहनों को सीज कर दिया।

अपराधियों के लिए पहचान छिपाने का बन सकते हैं जरिया

पुलिस का मानना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि इससे सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी पैदा होती हैं। आपराधिक घटनाओं में ऐसे वाहनों का इस्तेमाल होने पर उनकी पहचान करना पुलिस के लिए मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है।

पुलिस की दो टूक-नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई

काशीपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर नियमानुसार नंबर प्लेट अवश्य लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने साफ किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version