
लंबे इंतजार पर लगी मुहर, सांसद अनिल बलूनी ने फेसबुक पोस्ट के जरिए दी खुशखबरी; सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
राजू अनेजा, काशीपुर।काशीपुर और रामनगर क्षेत्र के लाखों लोगों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का संचालन शुरू होगा। इस बहुप्रतीक्षित रेल सेवा की जानकारी राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से साझा की। ट्रेन के संचालन की घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है, क्योंकि इससे देहरादून की यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
सांसद बोले—लगातार प्रयासों का मिला परिणाम
सांसद अनिल बलूनी ने अपने संदेश में कहा कि रामनगर और आसपास के क्षेत्र के लोग लंबे समय से देहरादून के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे। लगातार किए गए प्रयासों के बाद अब यह मांग पूरी होने जा रही है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
आम यात्रियों के साथ पर्यटकों को भी होगा बड़ा लाभ
रामनगर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है और विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का प्रवेश द्वार भी माना जाता है। नई रेल सेवा शुरू होने से न केवल स्थानीय लोगों को सरकारी, निजी, शैक्षणिक और चिकित्सकीय कार्यों के लिए देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी सीधा रेल संपर्क उपलब्ध होगा। इससे पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
सांसद ने बताया कि प्रारंभिक चरण में रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यदि यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ती है तो भविष्य में इसे सप्ताह में चार या पांच दिन तक संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
सांसद अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड की रेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है और प्रदेश को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
धनगढ़ी पुल के बाद क्षेत्र को मिली दूसरी बड़ी सौगात
सांसद ने कहा कि हाल ही में धनगढ़ी पुल आमजन के लिए समर्पित किया गया था और अब रामनगर–देहरादून सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को लगातार विकास कार्यों का लाभ मिल रहा है और आने वाले समय में भी ऐसी कई योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास जारी रहेगा।
क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर, काशीपुर को भी मिलेगा फायदा
रामनगर से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन शुरू होने का लाभ केवल रामनगर तक सीमित नहीं रहेगा। काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्री भी इस सेवा का उपयोग कर सकेंगे। इससे सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होगी, यात्रा अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनेगी तथा समय की भी बचत होगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें