हिमालय प्रहरी

1 मार्च को रंगों से सराबोर होगा काशीपुर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में सजेगा भव्य होली मिलन समारोह

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा, काशीपुर।होली के रंग इस बार काशीपुर में कुछ खास होने जा रहे हैं। 1 मार्च को नगर निगम ग्राउंड में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।यह जानकारी काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में देहरादून में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें काशीपुर में आयोजित होली मिलन समारोह में पधारने का सादर निमंत्रण दिया गया था, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।

 

उनके आगमन से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उत्साह का माहौल है।
शहर में इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंच निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और अतिथियों के स्वागत की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए नगर निगम और स्थानीय प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

 

रंग, उमंग और जनसैलाब की तैयारी

होली मिलन समारोह में शहर के जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक संगठन, महिला समूह और युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे। पारंपरिक होली गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आपसी मिलन के बीच मुख्यमंत्री का संबोधन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास कार्यों, निवेश योजनाओं और काशीपुर क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी अपने विचार रख सकते हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनसंवाद का मंच भी बन सकता है।

राजनीतिक संदेश भी, सामाजिक समरसता भी

होली का पर्व जहां प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, वहीं मुख्यमंत्री की मौजूदगी इस आयोजन को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम बना रही है। शहर में इसे शक्ति प्रदर्शन और जनसंपर्क के बड़े अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है।
1 मार्च को नगर निगम ग्राउंड रंगों, गुलाल और उत्साह से सराबोर नजर आएगा। अब पूरे काशीपुर को उस पल का इंतजार है, जब होली के रंगों के बीच मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी कार्यक्रम को खास आयाम देगी।

Exit mobile version