
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और मेयर दीपक बाली होंगे मुख्य अतिथि, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा होंगे विशिष्ट अतिथि
राजू अनेजा,काशीपुर। उत्तराखंड में पंजाबी समाज की एकता, संगठन और सामाजिक सरोकारों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन 22 जुलाई (बुधवार) को काशीपुर के गोविशान हेरिटेज, बाजपुर रोड में किया जाएगा। समारोह में समाज के प्रदेशभर से पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और युवा बड़ी संख्या में जुटेंगे।
राजनीति और समाज की प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक त्रिलोक सिंह चीमा एवं काशीपुर के मेयर दीपक बाली होंगे, जबकि पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम में समाज की एकजुटता और संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों का सम्मान भी किया जाएगा।
प्रदेशभर के पदाधिकारियों का होगा सम्मान
महासभा के इस सम्मान समारोह में प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही संगठन की आगामी कार्ययोजना, सामाजिक सरोकारों, शिक्षा, युवाओं की भागीदारी और सेवा कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। संगठन को गांव-गांव और शहर-शहर तक मजबूत बनाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
सामाजिक एकता और सेवा का दिया जाएगा संदेश
महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था वर्षों से समाज को एकजुट करने, जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। यह आयोजन समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देगा।
22 जुलाई को शाम चार बजे होगा आयोजन
समारोह 22 जुलाई 2026 (बुधवार) को सायं 4 बजे गोविशान हेरिटेज, बाजपुर रोड, काशीपुर में आयोजित होगा। उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि पंजाबी समाज की एकता, संगठन और सामाजिक शक्ति का विराट प्रदर्शन होगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें