
नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड की बेटियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का मान बढ़ाया है। क्षेत्र की प्रसिद्ध ‘चौहान सेल्फ डिफेंस एकेडमी’, श्री नानकमत्ता की दो होनहार महिला खिलाड़ियों— हरमंनदीप कौर और कर्णिका कांडपाल का चयन प्रतिष्ठित भारतीय जू-जित्सु टीम में हुआ है। यह दोनों खिलाड़ी आगामी 12 से 15 जुलाई 2026 तक अलमाटी एरिना (ALMATY ARENA), कजाकिस्तान में आयोजित होने वाली ‘थर्ड जू-जित्सु एशियन चैंपियनशिप 2026’ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके साथ ही एकेडमी के मुख्य प्रशिक्षक किशन सिंह चौहान को भी भारतीय टीम का कोच नियुक्त किया गया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सम्मानित
इस ऐतिहासिक और बड़ी उपलब्धि पर उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया और उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के कोच नियुक्त होने पर किशन सिंह चौहान को भी बधाई दी और खिलाड़ियों को दिए गए उनके उत्कृष्ट प्रशिक्षण, समर्पण और अथक मेहनत की खुलकर सराहना की।
अकादमी और क्षेत्र में खुशी की लहर, गणमान्यों ने दी शुभकामनाएं
बेटियों की इस स्वर्णिम सफलता पर चौहान सेल्फ डिफेंस एकेडमी की प्रबंधक श्रीमती चंद्रा देवी ने दोनों खिलाड़ियों और कोच किशन सिंह चौहान को हार्दिक बधाई देते हुए कजाकिस्तान में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने की कामना की। इस दौरान क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष श्री अजय मौर्या, राज्य मंत्री श्री रणजीत सिंह नामधारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश सिंह जोशी, श्री भवानी भंडारी, श्री भास्कर संभल, श्री रणदीप पोखरिया और श्री मनोज कांडपाल शामिल थे। सभी ने एक सुर में कहा कि भारत की बेटियां देश का अभिमान हैं और वे कजाकिस्तान की धरती पर हिंदुस्तान का नाम जरूर रोशन करेंगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें