हिमालय प्रहरी

लालकुआं विधानसभा: दिग्गजों की विरासत, मजबूत दावेदारों की कतार और ‘हॉट सीट’ का बढ़ता सियासी तापमान

खबर शेयर करें -

लालकुआं: उत्तराखंड की राजनीति में खास पहचान रखने वाली लालकुआं विधानसभा सीट एक बार फिर चुनावी चर्चाओं के केंद्र में है। इस सीट की खासियत रही है कि यहां से प्रदेश के दिग्गज नेता जैसे हरीश रावत, पूर्व श्रम मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल और पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। यही वजह है कि यह सीट हर चुनाव में ‘हॉट सीट’ के रूप में देखी जाती है। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र यहां राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और दोनों प्रमुख दलों में टिकट के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आ रही है।

…. भाजपा में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन
भाजपा की ओर से वर्तमान विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट एक बार फिर टिकट के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। क्षेत्र में उनकी सक्रियता, संगठन से तालमेल और जनसंपर्क को उनकी ताकत के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर युवाओं और विभिन्न वर्गों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उनकी साफ-सुथरी छवि, मिलनसार स्वभाव और संगठन में मजबूत पकड़ उन्हें एक उभरते हुए चेहरे के रूप में स्थापित करती है। साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से पारिवारिक जुड़ाव के कारण उनकी शीर्ष नेतृत्व तक सीधी पहुंच भी एक महत्वपूर्ण पहलू मानी जा रही है।इसके अलावा पूर्व विधायक डा. नवीन दुमका अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और सादगीपूर्ण छवि के दम पर टिकट की दौड़ में मजबूती से बने हुए हैं।
स्थानीय स्तर पर सक्रिय उमेश शर्मा, भरत नेगी, देवेंद्र बिष्ट, दिनेश खुल्बे और कमलेश चंदोला जैसे दावेदार भी लगातार जनसंपर्क में जुटे हैं और अपनी-अपनी मजबूत पकड़ के चलते समीकरणों को प्रभावित करने की स्थिति में हैं।

….कांग्रेस में अनुभव, विरासत और नई उम्मीदों का संगम
कांग्रेस खेमे में भी दावेदारों की लंबी सूची है, जहां अनुभव और नई पीढ़ी का दिलचस्प मिश्रण देखने को मिल रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के पुत्र नंदन दुर्गापाल अपने पिता की राजनीतिक विरासत, क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और अपनी साफ-सुथरी छवि के दम पर मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहे हैं।
वहीं दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हरेंद्र बोरा का नाम भी प्रमुखता से सामने है। उनकी सादगी, जमीनी पकड़ और लगातार सक्रियता के चलते समर्थक उन्हें एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

इसके अलावा पूर्व सैनिक कुंदन मेहता की अनुशासनप्रिय छवि, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र खनवाल का अनुभव, नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व संचालक प्रमोद कलोनी का संगठनात्मक जुड़ाव और किसान सेवा सहकारी समिति मोटाहल्दू के अध्यक्ष हेम दुर्गापाल का ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभाव भी उन्हें दावेदारी में मजबूत बनाता है।
वहीं पूर्व में निर्दलीय चुनाव लड़ चुकी पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी भी महिला नेतृत्व के रूप में अपनी सशक्त दावेदारी पेश कर रही हैं। उनकी सक्रियता और जनसंपर्क उन्हें एक प्रभावशाली चेहरा बनाते हैं।

…. कड़े मुकाबले के संकेत
लालकुआं सीट पर इस बार मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं, बल्कि अनुभवी नेताओं, युवा चेहरों और स्थानीय समीकरणों के बीच भी देखने को मिलेगा। दावेदारों की संख्या और उनकी सक्रियता से साफ है कि टिकट वितरण इस बार दोनों दलों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।

मुख्य मुद्दा: बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा

लालकुआं विधानसभा में बिंदुखत्ता क्षेत्र को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने का मुद्दा पिछले कई दशकों से सबसे प्रमुख रहा है। हर चुनाव में यह मुद्दा केंद्र में रहता है और सभी राजनीतिक दल एवं प्रत्याशी इसे लेकर जनता से वादे करते रहे हैं। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग का समाधान आज तक नहीं हो पाया है, जिसके चलते यह मुद्दा हर चुनाव में वोटरों को प्रभावित करने का सबसे बड़ा आधार बनता है।
आगामी चुनाव में भी बिंदुखत्ता के करीब 35 हजार वोटरों के लिए यह मुद्दा निर्णायक भूमिका निभा सकता है। इसके अलावा सड़क, बिजली, बेसहारा जानवरों और जंगली जानवरों के आतंक, सिंचाई और पेयजल, रोजगार जैसे मुद्दे भी लोगो के जुबान पर है। यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन प्रत्याशी इस पर ठोस समाधान और भरोसे के साथ जनता के बीच जाता है।

कुल मिलाकर, लालकुआं विधानसभा सीट पर इस बार का चुनाव कई मायनों में खास होने जा रहा है। दिग्गजों की विरासत, नए चेहरों की सक्रियता, मजबूत दावेदारों की लंबी सूची और वर्षों पुराने ज्वलंत मुद्दों का संगम इस सीट को एक बार फिर उत्तराखंड की सबसे चर्चित ‘हॉट सीट’ बना रहा है।

Exit mobile version