
पिथौरागढ़। जिले के सीमांत क्षेत्र धारचूला के खोतिला इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बाजार से करीब दो किलोमीटर दूर पैदल पुल के पास एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतका के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत के आधार पर उसके लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है।
तीन साल से पति से अलग रह रही थी मृतका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से नेपाल के दार्चुला की रहने वाली थी और वर्तमान में खोतिला क्षेत्र में रह रही थी। वह पिछले करीब तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी और इस दौरान खोतिला निवासी एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में जीवन बिता रही थी।
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस जांच के दौरान मृतका के कमरे में बेड और फर्श पर खून के गहरे धब्बे मिले, साथ ही खून से सना फर्श, एक तकिया और गद्दे के कपड़े भी बरामद हुए। इन तमाम साक्ष्यों से यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या घर के अंदर ही बेरहमी से मारपीट कर की गई है और बाद में शव को ठिकाने लगाया गया होगा।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
धारचूला के प्रभारी थानाध्यक्ष अंबी राम आर्य ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया था, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि उसकी मौत के वास्तविक कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सके। मृतका के पुत्र की तहरीर पर आरोपी लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीमांत क्षेत्र में हुई इस जघन्य वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत और रोष का माहौल है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।