हिमालय प्रहरी

बागेश्वर में कार का ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी वैगनआर, मुनस्यारी निवासी महिला की मौत और चार घायल

खबर शेयर करें -
बागेश्वर। शामा रोड पर फरसाली के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां मुनस्यारी से दिल्ली जा रही एक वैगनआर कार का अचानक ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कपकोट में भर्ती कराया।
पिथौरागढ़ की कौशल्या देवी ने तोड़ा दम, घायलों का सीएचसी कपकोट में इलाज जारी
उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई कौशल्या देवी (48 वर्ष, पत्नी रमेश सिंह टोलिया, निवासी ग्राम सरमोली, मुनस्यारी, जिला पिथौरागढ़) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्घटना में सरमूली (मुनस्यारी) निवासी खीला देवी (49), रमेश सिंह (54), भूपेंद्र सिंह (27) और चाहत सिंह (24) घायल हुए हैं, जिनका उपचार कपकोट अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Exit mobile version