हिमालय प्रहरी

कैंची धाम के पास बड़ा हादसा: पहाड़ी से गिरते पत्थरों से बचने के प्रयास में शिप्रा नदी में गिरी कार, महिला चालक का सुरक्षित रेस्क्यू

खबर शेयर करें -

गरमपानी:

अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों से बचने के प्रयास में एक महिला कार से अपना नियंत्रण खो बैठी। नियंत्रण खोते ही कार हाईवे से करीब 50 मीटर नीचे सीधे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरी। सूचना मिलते ही कैंची चौकी पुलिस और सीपीयू (CPU) की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और कार के भीतर फंसी महिला को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।

भारी बारिश के बीच थुआ की पहाड़ी से गिरे पत्थर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को रानीखेत निवासी कंचन अपनी कार (संख्या यूके 01बी 6284) से हल्द्वानी की ओर जा रही थीं। वह जैसे ही अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र के समीप पहुंचीं, तभी क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के बीच एकाएक थुआ की पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने शुरू हो गए। पत्थरों की चपेट में आने से बचने के लिए कंचन ने जैसे ही कार को मोड़ने का प्रयास किया, वह वाहन पर से अपना संतुलन खो बैठीं और कार सीधे नदी में जा गिरी।

तहसीलदार के वाहन से घायल महिला को भेजा अस्पताल

कार गिरने की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े और पुलिस को सूचित किया। नदी के तेज बहाव और मलबे के बीच पहुंची पुलिस व सीपीयू की टीम ने घायल महिला को वाहन से बाहर निकाला और मुख्य हाईवे तक पहुंचाया। हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए बगैर समय गंवाए श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के सरकारी वाहन से कंचन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवाली भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।

हाईवे पर सफर हुआ खतरनाक, यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह

पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बारिश के बीच हाईवे पर जगह-जगह पहाड़ी से पत्थरों और मलबे के गिरने का क्रम लगातार जारी है, जिससे वाहनों की आवाजाही बेहद खतरनाक हो गई है। प्रशासन ने इस मार्ग से गुजरने वाले सभी चालकों और यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने तथा बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।

Exit mobile version