हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय: देहरादून में उमस के बाद झमाझम बारिश से राहत, मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए जारी किया येलो अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले चार दिनों से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे देहरादून के निवासियों को बुधवार को मौसम के बदले मिजाज से बड़ी राहत मिली। राजधानी के कई इलाकों में अचानक मौसम ने करवट ली और पहले हल्की रिमझिम के बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। इस बारिश से जहाँ तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से निजात मिली, वहीं शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव होने से यातायात की रफ्तार भी थमती नजर आई।

इससे पूर्व मौसम विभाग ने देहरादून के लिए भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ (Orange Alert) जारी किया था, जिसके बाद जिले के कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। दिनभर की चुभती गर्मी से परेशान लोग शाम को मौसम सुहावना होने पर खुश नजर आए। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में मानसून की सक्रियता को देखते हुए अगले 24 घंटों के भीतर कई जिलों में बारिश का सिलसिला निरंतर जारी रहने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर सहित पांच जिलों में ‘येलो अलर्ट’ (Yellow Alert) जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक और तीव्र बौछारों के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का यह दौर इसी तरह जारी रहेगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version