हिमालय प्रहरी

लालकुआं में पसरा मातम: गोरापड़ाव हादसे में घायल दूसरे युवक अयान ने भी तोड़ा दम, एक ही मोहल्ले के दो चिराग बुझे

खबर शेयर करें -

लालकुआं:

गुरुवार को गोरापड़ाव राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने लालकुआं क्षेत्र को गहरे सदमे और मातम में डुबो दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में पहले 16 वर्षीय मेधावी छात्र सिद्धार्थ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं अब जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे उसके दोस्त 20 वर्षीय अयान (पुत्र शमशेर खान) ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अयान का भोजीपुरा स्थित राममूर्ति अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार सुबह उसने अंतिम सांस ली।

केंटर की टक्कर से बाइक में लगी थी आग, एक की मौके पर ही हुई थी मौत

यह दर्दनाक हादसा गुरुवार रात उस वक्त हुआ, जब गोरापड़ाव क्षेत्र में गलत दिशा (रोंग साइड) से आ रहे एक अनियंत्रित केंटर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में तत्काल आग लग गई। हादसे में लालकुआं निवासी उदयवीर सिंह के इकलौते 16 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ सिंह की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि उसका पड़ोसी और मित्र अयान गंभीर रूप से झुलस और घायल हो गया था।

परिवार का सबसे छोटा बेटा था अयान, क्षेत्र में शोक की लहर

मृतक अयान लालकुआं के वार्ड नंबर चार का निवासी था और अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। शुक्रवार सुबह जैसे ही अयान की मौत की खबर घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार को जब एक तरफ इकलौते सिद्धार्थ को अंतिम विदाई दी जा रही थी, वहीं दूसरी तरफ अयान की मौत की खबर ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद अयान का शव लालकुआं लाया जा रहा है। एक ही मोहल्ले के दो होनहार युवाओं की इस असमय मौत से पूरे लालकुआं क्षेत्र में शोक की लहर है और हर आंख नम है।

Exit mobile version