हिमालय प्रहरी

नैनीताल: फैंसी नंबरों का क्रेज; ‘0001’ के लिए वाहन स्वामी ने चुकाए 5.03 लाख रुपये, विभाग को मिला बंपर राजस्व

खबर शेयर करें -

नैनीताल: अपनी गाड़ियों को खास लुक देने और मनपसंद नंबर प्लेट (VIP Number) लगाने के लिए वाहन स्वामियों में जबरदस्त होड़ देखने को मिल रही है। नैनीताल आरटीओ (RTO) के अंतर्गत निजी वाहनों की नई सीरीज UK04AT के फैंसी नंबरों के लिए आयोजित ऑनलाइन बोली में विभाग पर धनवर्षा हुई है। इस सीरीज में सबसे प्रतिष्ठित नंबर ‘0001’ को हासिल करने के लिए अधिकतम बोली 5.03 लाख रुपये तक पहुँच गई। वहीं, ‘0003’ नंबर के लिए एक वाहन स्वामी ने 1.30 लाख रुपये खर्च किए।

पिछले साल के मुकाबले कम रही बोली

परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हालांकि इस बार फैंसी नंबरों के दाम पिछले साल के मुकाबले थोड़े कम रहे हैं। ‘0001’ नंबर जहाँ इस बार 5.03 लाख में बिका, वहीं सितंबर 2025 में इसी नंबर की नीलामी 7.49 लाख रुपये में हुई थी। इसी तरह ‘0009’ नंबर, जो पिछली बार 5.07 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि में नीलाम हुआ था, इस बार मात्र 35 हजार रुपये में ही जारी हो गया। आरटीओ प्रशासन डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई थी।

राजस्व बढ़ाने में मददगार साबित हुई ऑनलाइन बोली

आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह के अनुसार, नंबरों को लेकर किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए ऑनलाइन बोली (E-Auction) की प्रक्रिया अपनाई जाती है। ‘0001’ के लिए बेस प्राइस एक लाख रुपये तय किया गया था, जबकि ‘0003’ के लिए 25 हजार रुपये से बोली शुरू हुई थी। सफल बोलीदाताओं ने निर्धारित राशि सरकारी खजाने में जमा कर दी है। नियमों के मुताबिक, इन वाहन स्वामियों को अब एक माह के भीतर गाड़ी खरीदकर यह नंबर आवंटित कराना अनिवार्य होगा। फैंसी नंबरों के प्रति इस दीवानगी ने एक बार फिर परिवहन विभाग के राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी की है।

Exit mobile version