
हल्द्वानी (नैनीताल)। जनपद के हजारों दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं ने आगामी फरवरी माह से दूध के खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का बड़ा ऐलान किया है। शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में वर्ष भर के लिए 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने किया शुभारंभ, 710 समितियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
शनिवार को आयोजित भव्य अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में संघ से जुड़ी 710 प्राथमिक दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों तथा लगभग 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की सक्रिय भागीदारी रही।
अधिवेशन को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मुकेश बोरा ने प्रदेश के दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए फरवरी से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर वृद्धि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का मुख्य लक्ष्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। बोरा ने दोहराया कि संघ से जुड़े 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मेहनत को मिला सम्मान: महिला व पुरुष पशुपालकों सहित सचिवों व विक्रेताओं को मिले लाखों के चेक
कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महिला एवं पुरुष पशुपालकों को नकद पुरस्कार राशि देकर प्रोत्साहित किया गया। पुरस्कार वितरण का विवरण इस प्रकार रहा:
-
मैदानी क्षेत्र (महिला वर्ग): प्रभपाल सिंह को 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार रुपये, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार रुपये तथा दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
-
पर्वतीय क्षेत्र (महिला वर्ग): कमला देवी को 25 हजार रुपये, गंगा देवी को 21 हजार रुपये और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये से सम्मानित किया गया।
-
मैदानी क्षेत्र (पुरुष वर्ग): कृपाल सिंह को 25 हजार रुपये, जगपाल सिंह को 21 हजार रुपये और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये दिए गए।
-
पर्वतीय क्षेत्र (पुरुष वर्ग): चिंतामणि को 25 हजार रुपये, श्याम नारायण को 21 हजार रुपये तथा कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त, जनपद के आठ विकासखंडों में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी पुरस्कृत किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई, साथ ही संघ के कर्मठ अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में जल्द खुलेगा आंचल मिल्क पार्लर: महापौर
अधिवेशन के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की पारदर्शी कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा और ताकत प्रदान करती है।
वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहरवासियों की सुविधा के लिए नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही एक आधुनिक आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इसके खुलने से स्थानीय नागरिकों को शुद्ध, ताजा और गुणवत्तापूर्ण दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें