हल्द्वानी/खनस्यूं। नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत तल्ला ओखलकांडा में बीते दिनों हुई 28 वर्षीया डिंकी देवी की बेरहम हत्या के मामले का खनस्यूं थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी पति भीम सिंह को काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। आरोपी ने कबूल किया कि उसने अवैध संबंधों के शक और शराब के नशे में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
मासूम बच्चों के सामने की थी दरिंदगी, सुबह धमकाकर हुआ था फरार
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी भीम सिंह ने 22 अगस्त की रात अत्यधिक शराब के नशे में अपनी पत्नी डिंकी देवी पर अवैध संबंधों का शक जताते हुए विवाद शुरू किया। बात बढ़ने पर उसने अपने चार मासूम बच्चों की मौजूदगी में ही पत्नी को डंडों और घर में रखे चम्मच आदि से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर चोटें आने से डिंकी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रातभर शव के पास ही सोया रहा। अगली सुबह उसने अपने मासूम बच्चों को घटना के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा, एसएसपी के निर्देश पर बनी थीं टीमें
घटना का खुलासा तब हुआ जब मासूम बच्चे ने पड़ोसियों को मां के न उठने की जानकारी दी। मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर के आधार पर खनस्यूं थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमों का गठन किया।
वडियाड लूगड़ के पास से धराया आरोपी, भेजा गया जेल
सीओ भवाली के पर्यवेक्षण और खनस्यूं थानाध्यक्ष अनीस अहमद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी और संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपी भीम सिंह को वडियाड लूगड़ (काठगोदाम के पास) से धर दबोचा।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।